लखनऊ में जलकल की बड़ी कार्रवाई, IMRT कॉलेज समेत कई संस्थानों की सीवर लाइन कटी
लखनऊ नगर निगम के जलकल विभाग ने बड़े बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को जोन-4 क्षेत्र में चलाए गए एक विशेष अभियान के तहत कई संस्थानों की सीवर लाइन काट दी गई। यह कार्रवाई उन संस्थानों पर की गई जिन्होंने लंबे समय से जलकर का भुगतान नहीं किया था, बावजूद इसके कि उन्हें बार-बार नोटिस दिए गए थे।
जलकल विभाग की टीम ने गोमती नगर के विपुल खंड-6 स्थित आईएमआरटी इंटर कॉलेज पर सबसे बड़ी कार्रवाई की। कॉलेज पर 27 लाख 61 हजार 723 रुपये का भारी जलकर बकाया था। विभाग ने बताया कि नोटिस के बाद भी भुगतान न होने पर कॉलेज की सीवर लाइन काट दी गई। इसी परिसर में स्थित आईएमआरटी बिजनेस स्कूल पर भी 2 लाख 71 हजार 92 रुपये का बकाया था, जिस पर समान कार्रवाई की गई।
इसके अलावा, गोमती नगर के विवेक खंड-3 में स्थित नीलकंठ स्वीट्स के चार प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई की गई। इन प्रतिष्ठानों पर कुल मिलाकर 9 लाख रुपये से अधिक का जलकर बकाया था। विभागीय टीम ने इन सभी प्रतिष्ठानों की सीवर लाइन काट दी। जलकल विभाग के महाप्रबंधक कुलदीप सिंह के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। विभाग का कहना है कि बकाया वसूली के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
