Lucknow News: बिजली कर्मी का चालान कटा तो बिजली विभाग ने थाने और चौकी की काटी बिजली, पुलिस को अंधेरे में छोड़ा
राजधानी लखनऊ के नगराम में एक अनोखी घटना सामने आई है, जहां ट्रैफिक पुलिस और बिजली विभाग के बीच की तनातनी ने पुलिस प्रशासन को अंधेरे में धकेल दिया। हेलमेट न पहनने पर एक संविदा बिजलीकर्मी का छह हजार रुपये का चालान काटे जाने से गुस्साए कर्मचारियों ने नगराम थाने समेत दो पुलिस चौकियों की बिजली आपूर्ति ठप कर दी। इस घटना ने आम जनता के लिए एक सवाल खड़ा किया है कि क्या सरकारी विभागों के बीच इस तरह का टकराव आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बन सकता है।
यह घटना सोमवार शाम करीब छह बजे हुई जब समेसी उपकेंद्र पर तैनात संविदाकर्मी अमरेंद्र, दीपक और शत्रोघन लाल बाइक से पेट्रोलिंग पर निकले थे। चेकिंग कर रहे दरोगा अनुज भाटी ने बिना हेलमेट बाइक चला रहे कर्मचारी का चालान काट दिया। इससे नाराज बिजली कर्मचारियों ने तुरंत विभागीय बकाये का हवाला देते हुए नगराम थाने, हरदोइया पुलिस चौकी और देवीखेड़ा पुलिस बूथ की बिजली काट दी। इन स्थानों पर लाखों रुपये का बिजली बिल बकाया था।
अचानक बिजली कटने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शाम को कटी बिजली रात साढ़े नौ बजे तक नहीं जोड़ी जा सकी, जिससे पुलिस कार्य प्रभावित हुआ। बिजली काटने के बाद संविदा कर्मचारी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया, जिससे संपर्क साधना मुश्किल हो गया। समेसी उपकेंद्र के जेई आशीष कुमार ने दूसरे कर्मचारियों की टीम भेजकर बिजली आपूर्ति बहाल कराई। संविदाकर्मियों का कहना था कि आठ हजार रुपये वेतन पर छह हजार का चालान गलत है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग हरकत में आया। थाना प्रभारी ने चालान काटने वाले दरोगा को फटकार लगाई और चालान वापस लेने के निर्देश जारी किए। इससे पहले भी मलिहाबाद और गोमती नगर जैसे इलाकों में इसी तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, जहां चालान काटने से नाराज बिजलीकर्मियों ने थानों की बिजली काट दी थी।
