Lucknow Nagar Nigam: 4 करोड़ बकाया पर 158 विज्ञापन एजेंसियों को नोटिस, 3 दिन का अल्टीमेटम
लखनऊ नगर निगम ने शहर में विज्ञापन शुल्क का भुगतान न करने वाली एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर निगम के प्रचार विभाग ने 158 विज्ञापन एजेंसियों और विज्ञापनदाताओं को अंतिम नोटिस जारी किया है। इन एजेंसियों पर कुल 4 करोड़ रुपये से अधिक का विज्ञापन शुल्क बकाया है।
नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। नोटिस में एजेंसियों को तीन दिन के भीतर बकाया राशि नगर निगम कोष में जमा करने का निर्देश दिया गया है। यदि तय समय सीमा में भुगतान नहीं होता है, तो नगर निगम शहर में लगे संबंधित एजेंसियों के होर्डिंग्स, बैनर, यूनिपोल और अन्य प्रचार सामग्री को हटाने की कार्रवाई करेगा।
नोटिस पाने वाली प्रमुख एजेंसियों में प्राइम एडवरटाइजिंग, सिगमा, मंथन एडवर्टाइजर्स, उत्सव मीडिया, ओएसिस पब्लिसिटी, साइन पोस्ट इंडिया, फ्यूचर एड, टाइटन मीडिया, मीडिया 24×7, यूपी आउटडोर्स, वालमार्ट इंडिया प्रा. लि. और एल्डिको इंटरनेशनल शामिल हैं। अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि बकायेदारों को पहले भी कई बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन भुगतान न होने के कारण अब सख्त कदम उठाना पड़ा है।
