लखनऊ: बिना मांसपेशी काटे छोटे चीरे से हुआ घुटना प्रत्यारोपण, मरीज अगले दिन चला
लखनऊ के ठाकुरगंज टीबी संयुक्त अस्पताल में चिकित्सा जगत में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की गई है। अस्पताल में पहली बार एक बुजुर्ग मरीज का घुटना प्रत्यारोपण (Knee Replacement) बिना मांसपेशी काटे, केवल एक छोटे से चीरे के माध्यम से सफलतापूर्वक किया गया है। इस नई तकनीक के इस्तेमाल से मरीज को न केवल कम रक्तस्राव हुआ, बल्कि वह सर्जरी के अगले दिन ही चलने-फिरने लगा। आयुष्मान योजना के तहत यह इलाज मरीज के लिए पूर्णतः नि:शुल्क रहा।
अस्पताल के सीएमएस डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि बलिया निवासी 82 वर्षीय लाल चंद्र गुप्ता पिछले पांच वर्षों से घुटनों के दर्द से परेशान थे। उनकी उम्र को देखते हुए डॉक्टरों की एक विशेष टीम ने सभी आवश्यक जांचें कीं और बेहोशी के डॉक्टर से अनुमति लेने के बाद ही इस जटिल सर्जरी का निर्णय लिया।
ऑपरेशन करने वाले आर्थोसर्जन डॉ. राजेश प्रजापति ने बताया कि यह ‘स्मॉल इन्सीजन नी रिप्लेस्मेंट’ तकनीक थी, जिसमें मांसपेशी को काटना नहीं पड़ता। इससे मरीज के पैर में सूजन और दर्द बहुत कम होता है। इस सफल सर्जरी के लिए उन्होंने पूरी टीम को बधाई दी है, जिसमें डॉ. शाहिद अंसारी (एनेस्थीसिया), नीतू मिश्रा और अलका वर्मा (नर्सिंग ऑफिसर) शामिल थे। इस तकनीक से मरीजों को तेजी से ठीक होने में मदद मिलती है, जिससे वे जल्द ही अपनी दिनचर्या में लौट सकते हैं।
