यूपी के लाखों कर्मचारियों को Holi से पहले मिलेगी सैलरी, सरकार ने दिए निर्देश
उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के लाखों कर्मचारियों के लिए एक बड़ी राहत की घोषणा की है। होली के त्योहार से ठीक पहले, राज्य सरकार ने कर्मचारियों को वेतन और मानदेय का भुगतान करने के निर्देश जारी किए हैं। इस फैसले से प्रदेश भर के कर्मचारियों को त्योहार मनाने में आर्थिक कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
फिलहाल, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा से जुड़े विद्यालयों और कार्यालयों में कार्यरत अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए वेतन भुगतान के आदेश जारी कर दिए गए हैं। इनमें स्थायी, प्रतिनियुक्ति, आउटसोर्सिंग, संविदा और दैनिक वेतनभोगी सभी शामिल हैं। स्कूल शिक्षा महानिदेशक द्वारा इस संबंध में बुधवार को आदेश जारी किया गया।
राज्य में करीब 18 लाख राज्य कर्मचारी हैं, जो मार्च के पहले सप्ताह में पड़ने वाली होली से पहले अपने वेतन का इंतजार कर रहे थे। सरकार का उद्देश्य है कि पैसे के अभाव में किसी भी कर्मचारी की होली खराब न हो। इसी क्रम में, अन्य विभागों में भी जल्द ही ऐसे आदेश आने की उम्मीद है, जिस पर कर्मचारी टकटकी लगाए हुए हैं। कर्मचारियों संगठनों द्वारा भी लंबे समय से होली से पहले वेतन भुगतान की मांग की जा रही थी।
