कानपुर के युवक ने घरेलू विवाद के बाद शीशम के पेड़ पर फांसी लगाकर दी जान, kanpur news
रसूलाबाद के भैसायां गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 35 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह नामक युवक ने कथित तौर पर घरेलू विवाद के बाद शुक्रवार रात को एक शीशम के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक कानपुर में प्राइवेट नौकरी करता था और कुछ दिन पहले ही गांव आया था।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात परिजनों से किसी बात पर अनबन के बाद धर्मेंद्र ने घर से निकलना उचित समझा और गांव से करीब एक किलोमीटर दूर गहलू रोड किनारे खड़े शीशम के पेड़ पर अंगौछे के सहारे फांसी लगा ली। शनिवार सुबह जब ग्रामीणों ने पेड़ पर शव लटकता देखा तो हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां, पत्नी, भाई और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसआई राजेश सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में गृह कलह को आत्महत्या का कारण माना जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
