कानपुर: अधिवक्ता के घर से 20 लाख की चोरी, युवती व दो किशोरियों पर FIR दर्ज
कानपुर के हरवंश मोहाल इलाके में एक अधिवक्ता के घर से 20 लाख रुपये की नकदी और जेवर चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अधिवक्ता भूपेंद्र सिंह ने पड़ोस में रहने वाली एक युवती और उसकी दो नाबालिग सहेलियों पर इस चोरी को अंजाम देने का आरोप लगाया है।
घटना नौ मार्च की है, जब अधिवक्ता को अपनी पत्नी के साथ एक शादी समारोह में जाना था। इसी दौरान जब उनकी पत्नी ने अलमारी खोली तो पाया कि उसमें रखे करीब 25 हजार रुपये नकद, सोने का हार, कंगन, चेन और अंगूठी समेत कुल 20 लाख रुपये का माल गायब था।
सामान गायब मिलने पर अधिवक्ता ने पूछताछ की तो पता चला कि आरोपी युवती और उसकी नाबालिग सहेलियां अक्सर अधिवक्ता के घर की छत पर आकर खेलती थीं। इसी आधार पर उन्होंने तीनों के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
