कानपुर हवाला गैंग का आगरा से कनेक्शन, 2.26 करोड़ कैश और चांदी बरामद
कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय सट्टा, शेयर ट्रेडिंग और हवाला कारोबार में लिप्त एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह के तार आगरा के एक हिस्ट्रीशीटर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट बुकी से जुड़े हुए पाए गए हैं। पुलिस ने कलक्टरगंज स्थित एक मकान में छापा मारकर 2.26 करोड़ रुपये नकद, 61.860 किलोग्राम चांदी, पेन ड्राइव, मॉडम, लैपटॉप, मोबाइल और नेपाली करेंसी बरामद की है। इस मामले में मकान मालिक समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। नोटों की गिनती के लिए पुलिस को दो मशीनों का इस्तेमाल करना पड़ा, जिसमें करीब तीन घंटे लगे।
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के एडीसीपी सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया कि शहर में लंबे समय से हवाला, सट्टा और अवैध शेयर ट्रेडिंग की शिकायतें मिल रही थीं। इसी सूचना पर धनकुट्टी निवासी रमाकांत गुप्ता के घर छापा मारा गया। बरामद नकदी में 100, 200 और 500 रुपये के नोट शामिल थे।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पता चला है कि यह गिरोह प्रदेश भर के बुकी से जुड़ा है और हवाला के माध्यम से पैसों का लेन-देन करता था। पुलिस को जांच में आगरा के गैंगस्टर अंकुश मंगल का मोबाइल नंबर मिला है, जो एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट बुकी है। पुलिस की एक टीम को अंकुश मंगल की तलाश में आगरा भेजा गया है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि बरामद नकदी का एक बड़ा हिस्सा अंकुश मंगल का हो सकता है।
आरोपी यह भी कबूल चुके हैं कि अधिक पैसा होने पर वे चांदी और सोने में निवेश करते थे। चांदी की बढ़ती कीमतों को देखते हुए हाल ही में बड़ी मात्रा में चांदी खरीदी गई थी, जिसे जरूरत पड़ने पर बेच दिया जाता था। पुलिस को शहर के अन्य इलाकों में भी हवाला कारोबार की जानकारी मिली है, जिसके आधार पर कुछ और जगहों पर छापेमारी की गई है। एडीसीपी रामटेके के अनुसार, इस गिरोह के तार देश के बाहर, खासकर नेपाल से भी जुड़े हुए हैं, जहाँ ये सट्टे और गेमिंग के कारोबार में सक्रिय थे। पुलिस लाखों के लेन-देन के इस नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी है।
मोबाइल लूटकर भागे शातिर स्कूटी समेत गिरे, कानपुर में पकड़े गए
कानपुर में किशोर की तेज रफ्तार कार ने छात्र और रिक्शा को मारी टक्कर, बर्तन भी तोड़े
कानपुर में वसंत पंचमी पर निकला भव्य नगर कीर्तन, सिख समुदाय ने मनाया उत्सव
बिना लेआउट पास प्लाटिंग पर गरजा बुलडोजर, कानपुर विकास प्राधिकरण की कार्रवाई
सेना के पैराशूट की गुणवत्ता जांची, DGQA टीम ने पैराशूट फैक्ट्री का किया निरीक्षण
कानपुर में राष्ट्र चेतना पर ABVP की संगोष्ठी, युवाओं को किया प्रेरित
कानपुर अंडर-13 लीग: ब्लू स्टार ने यशराज एकेडमी को 9 विकेट से रौंदा, अनुकल्प मैन ऑफ द मैच
ब्लू स्टार की शानदार जीत, यशराज एकेडमी को 9 विकेट से हराया | cricket news
