सेना के पैराशूट की गुणवत्ता जांची, DGQA टीम ने पैराशूट फैक्ट्री का किया निरीक्षण
सेना के लिए महत्वपूर्ण रक्षा उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए डीजीक्यूए (डीआरडीओ) की एक विशेष टीम ने कानपुर की ऑर्डिनेंस पैराशूट फैक्ट्री का दौरा किया। शुक्रवार को पहुंची इस टीम ने फैक्ट्री में निर्मित पैराशूटों और अन्य रक्षा सामग्री की गुणवत्ता का बारीकी से निरीक्षण किया। एडीजीक्यूए (एस) मेजर जनरल समीर कश्यप ने ग्लाइडर्स इंडिया लिमिटेड (जीआईएल) की इस इकाई में बने उत्पादों की उत्कृष्टता और गुणवत्ता मानकों की सराहना की।
मेजर जनरल समीर कश्यप का फैक्ट्री पहुंचने पर जीआईएल के सीएमडी एमसी बालासुब्रमणियम ने स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान, मेजर जनरल ने पी2 और पी6 उत्पादनशालाओं में चल रहे उत्पादन कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माणी प्रयोगशाला में हो रही गतिविधियों का भी अवलोकन किया और विशेष रक्षा उत्पादों की गुणवत्ता के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। पी7 निरीक्षण क्षेत्र का दौरा करते हुए, टीम ने प्रदर्शनी कक्ष में रखे उत्पादों और पैराशूटों की गुणवत्ता की भी प्रशंसा की। इस निरीक्षण से यह सुनिश्चित होता है कि सेना को उच्च गुणवत्ता वाले उपकरण प्राप्त हों, जो किसी भी मिशन की सफलता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
टीम में मेजर जनरल समीर कश्यप के साथ ब्रिगेडियर मनीष कुमार, ब्रिगेडियर टी रजनीश, कर्नल वीके सिंघल और लेफ्टिनेंट कर्नल संतोष घोष भी शामिल थे। जीआईएल के सीएमडी ने आश्वासन दिया कि ऑर्डिनेंस पैराशूट फैक्ट्री गुणवत्ता के साथ-साथ समय पर रक्षा उत्पादों की आपूर्ति के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर जीआईएल के निदेशक वित्त एसपी पटनायक, ओपीएफ के मुख्य महाप्रबंधक बीएल मीणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
