कानपुर: डॉक्टर-नर्स की लव मैरिज उलझी, अब साथ रहने की लगाई गुहार
कानपुर शहर में एक डॉक्टर और नर्स के बीच पनपा प्यार शादी के बंधन में बंधने के बाद भी कानूनी पचड़ों में फंसा हुआ है। कोविड काल में एक अस्पताल में साथ काम करते हुए दोनों करीब आए थे। गैर बिरादरी से होने के कारण युवती ने परिजनों को अपने रिश्ते के बारे में नहीं बताया था।
दोनों ने दो साल पहले आर्य समाज से लव मैरिज की और फिर शादी का रजिस्ट्रेशन भी कराया। हालांकि, परिजनों की असहमति के कारण वे अलग-अलग घरों में रह रहे थे। इस बीच, युवती के परिवार को शादी का पता चला तो उन्होंने दबाव में आकर युवक और उसके पिता के खिलाफ मारपीट और पैसे मांगने का मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस जांच में मामला कुछ और निकला, जिसके बाद युवक को पाबंद कर दिया गया।
हाल ही में युवती अपने घर से चुपके से निकलकर प्रेमी के घर पहुंची और दोनों ने साथ रहने का फैसला किया। परिवार के दबाव और पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए उन्होंने पुलिस कमिश्नर से मदद की गुहार लगाई है। युवती ने प्रार्थना पत्र में कहा है कि वह अब अपने पति के साथ रहना चाहती है और पुलिस उसे परेशान न करे। पुलिस कमिश्नर ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
