कौशांबी में सराफा कारोबारी से दस लाख के गहने लूटे, पुलिस की गश्त पर सवाल
कौशांबी पुलिस के सघन चेकिंग अभियान के बावजूद, अपराधियों ने बेखौफ होकर एक सराफा कारोबारी से दस लाख रुपये मूल्य के आभूषण लूट लिए। यह घटना सराय अकिल क्षेत्र में बुधवार शाम को हुई, जिसने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार, सराय अकिल कस्बे के निवासी अंशु सोनी, जो एक सराफा कारोबारी हैं, अपनी दुकान बंद करके रोज की तरह मोटर साइकिल से घर लौट रहे थे। शाम करीब पांच बजे जब वह बिन्नई मोड़ के पास पहुंचे, तभी पीछे से एक बिना नंबर प्लेट वाली बोलेरो ने उन्हें ओवरटेक कर रोका। बोलेरो से उतरे दो युवकों ने अंशु सोनी से सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग छीन लिया और फकीराबाद की ओर भाग निकले। अंशु सोनी के अनुसार, बोलेरो में कुल चार बदमाश सवार थे।
अंशु सोनी के शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके। अंशु सोनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि लूटे गए बैग में लगभग पांच किलो चांदी और सोने के आभूषण थे, जिनकी कीमत दस लाख रुपये आंकी गई है।
इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नवंबर माह यातायात माह के चलते पुलिस जगह-जगह चेकिंग अभियान चला रही है, इसके बावजूद बदमाशों ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस को सीधी चुनौती दी है।
सराय अकिल थाना प्रभारी वीर प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की तहरीर मिल गई है और मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। पुलिस की जांच जारी है।
