झारखंड की सियासत में बड़ा उलटफेर? हेमंत सोरेन के ‘खेला’ से बदल सकते हैं समीकरण
बिहार में महागठबंधन को मिली करारी हार के बाद अब पड़ोसी राज्य झारखंड की राजनीति में भी सियासी पारा चढ़ने लगा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा अपनी पार्टी झामुमो (JMM) को बिहार में एक भी सीट न दिए जाने के बाद से ही महागठबंधन और झामुमो के बीच की दूरी साफ दिख रही थी। अब सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन की दिल्ली में बीजेपी के कुछ शीर्ष नेताओं से मुलाकात की खबरों ने प्रदेश की राजनीति में नई हलचल मचा दी है।
इस मुलाकात के बाद से ही राजनीतिक गलियारों में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि यह केवल एक औपचारिक भेंट नहीं थी, बल्कि दोनों दलों के बीच संभावित गठबंधन को लेकर प्रारंभिक सहमति बन चुकी है। चर्चाएं इतनी तेज हैं कि डिप्टी सीएम के पद को लेकर भी बातचीत अंतिम चरण में होने का दावा किया जा रहा है। अगर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन वास्तव में एनडीए का हिस्सा बनने का निर्णय लेते हैं, तो झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा में राजनीतिक समीकरण पूरी तरह से बदल जाएंगे।
वर्तमान में झारखंड में बहुमत के लिए 41 विधायकों की आवश्यकता है। हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार में झामुमो के 34 विधायक हैं। उनके गठबंधन में कांग्रेस के 16, राजद के 4 और लेफ्ट के 2 विधायक शामिल हैं, जिससे कुल संख्या 56 हो जाती है।
वहीं, दूसरी ओर, यदि हेमंत सोरेन एनडीए के साथ जाते हैं, तो तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी। एनडीए खेमे में भाजपा के 21, लोजपा के 1, आजसू के 1 और जदयू के 1 विधायक हैं। यदि झामुमो के 34 विधायक इसमें शामिल होते हैं, तो यह संख्या 58 तक पहुंच जाएगी, जो बहुमत के आंकड़े से काफी अधिक है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर हेमंत सोरेन एनडीए में शामिल होते हैं, तो यह भारतीय राजनीति के इतिहास में सबसे अप्रत्याशित राजनीतिक कदमों में से एक गिना जाएगा। विशेष रूप से इसलिए, क्योंकि 2024 के चुनाव अभियान के दौरान झामुमो और भाजपा के बीच तीखी राजनीतिक तकरार देखने को मिली थी। झामुमो ने भाजपा पर ईडी के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए हेमंत सोरेन को जेल भेजने का भी आरोप लगाया था। इन तमाम राजनीतिक उठापटक के बावजूद, यदि अब हेमंत सोरेन एनडीए के साथ जाने का फैसला करते हैं, तो यह राज्य की राजनीति में एक चौंकाने वाली घटना होगी, जिसके दूरगामी परिणाम हो सकते हैं।
चेक-इन सिस्टम ठप होने से एयरपोर्ट्स पर फ्लाइट्स में देरी, यात्रियों को हुई परेशानी
देश में 811 लोगों पर एक डॉक्टर: स्वास्थ्य मंत्री ने संसद में पेश किए आंकड़े
सिस्टम खराबी से एयर इंडिया की उड़ानें प्रभावित, यात्रियों को हो रही परेशानी
निहाल विहार डकैती का दिल्ली पुलिस ने किया खुलासा, सात आरोपी गिरफ्तार
पुतिन की भारत यात्रा: व्यापार, आर्थिक साझेदारी पर होगी चर्चा
घरेलू क्रिकेट में लौटेंगे विराट कोहली, विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने का लिया निर्णय
नुमालीगढ़ रिफाइनरी को नवरत्न का दर्जा, कारोबार 25 हजार करोड़ पार
पांच वर्षों में 23 संगठन प्रतिबंधित, सिमी और पीएफआई प्रमुख
