जय ढोलकिया ने ली विधायक पद की शपथ, 83 हजार से अधिक मतों से जीत की दर्ज
नुआपड़ा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित विधायक जय ढोलकिया ने गुरुवार को विधायक के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर ढोलकिया की मां, पत्नी और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। जय ढोलकिया के विधानसभा में शामिल होने से पार्टी की उपस्थिति और मजबूत हुई है।
यह सीट पहले बीजद के राजेंद्र ढोलकिया के पास थी, जिनका 2025 में निधन हो गया था, जिसके बाद उपचुनाव की घोषणा की गई। 11 नवंबर 2025 को संपन्न हुए नुआपड़ा उपचुनाव की मतगणना 14 नवंबर को हुई, जिसमें जय ढोलकिया ने बीजेडी की स्नेहांगिनी छुरिया और कांग्रेस के घासीराम माझी को भारी मतों से पराजित किया। ढोलकिया ने 83,000 से अधिक वोटों के प्रभावशाली अंतर से जीत दर्ज की। उन्होंने कुल 1,23,869 वोट हासिल किए, जबकि कांग्रेस के घासीराम माझी को 40,121 और बीजेडी की स्नेहांगिनी छुरिया को 38,408 वोट मिले।
शपथ ग्रहण के बाद विधायक जय ढोलकिया ने कहा कि आज स्वर्गीय राजू भाई ढोलकिया की जयंती है और मुझे इस यादगार दिन पर शपथ लेने का अवसर मिला, जिसके लिए मैं मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और सभी विधायकों का आभारी हूं। उन्होंने नुआपड़ा के विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम करने का वादा किया। ढोलकिया ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने स्वयं इस विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने इस जीत को नुआपड़ा की जनता, स्वर्गीय राजू भाई ढोलकिया और भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं की जीत बताया।
