जेल में मुस्कान ने बेटी को दिया जन्म, सौरभ के भाई ने डीएनए टेस्ट की मांग की
पति की निर्मम हत्या के आरोप में जेल में बंद मुस्कान ने एक बेटी को जन्म दिया है। मेडिकल कॉलेज में हुई इस डिलीवरी के बाद मां-बेटी दोनों स्वस्थ हैं। जेल प्रशासन ने कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद मुस्कान को उसकी नवजात बेटी के साथ जिला कारागार में शिफ्ट करने की तैयारी कर ली है।
जेल में बंद मुस्कान ने अपनी बेटी का नाम राधा रखा है। सूत्रों के अनुसार, जेल जाने से पहले ही उसने तय कर लिया था कि यदि बेटा हुआ तो कृष्ण और बेटी हुई तो राधा नाम रखेगी। मेडिकल कॉलेज में सोमवार शाम को बेटी के जन्म के बाद उसने इस नामकरण को पूरा किया। अब दोनों को जल्द ही जिला कारागार ले जाया जाएगा, जहां जेल नियमों के तहत बच्ची को सभी सुविधाएं दी जाएंगी।
इस बीच, मृतक सौरभ के भाई ने बच्ची के जन्म पर गहरा संदेह जताया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि मुस्कान ने यह सब एक सोची-समझी ‘गेम प्लान’ के तहत किया है। सौरभ के भाई ने कहा कि बच्ची का जन्म सौरभ के जन्मदिन पर होना महज एक संयोग नहीं है, बल्कि यह मुस्कान की चाल है। उन्होंने बच्ची के डीएनए टेस्ट की मांग की है। उनका कहना है कि अगर बच्ची सौरभ की है, तो भी मुस्कान उसे नुकसान पहुंचा सकती है, जैसा कि उसने पहले भी किया है। भाई ने यह भी कहा है कि अगर बच्ची सौरभ की निकली, तो वे दोनों बेटियों को अपने साथ रखेंगे।
गौरतलब है कि तीन मार्च की रात को मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर अपने पति सौरभ की हत्या कर दी थी। शव को चार टुकड़ों में काटकर सीमेंट से भरे ड्रम में बंद कर दिया गया था। इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा 17 मार्च को हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने मुस्कान और साहिल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जेल में नियमित जांच के दौरान मुस्कान के गर्भवती होने का पता चला था।
