ईरान-इज़राइल संघर्ष से बढ़ी CNG supply crisis, बहराइच में पंपों पर लंबी कतारें
मध्य-पूर्व में चल रहे ईरान-इज़राइल संघर्ष ने वैश्विक ऊर्जा बाजार को प्रभावित किया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गैस और तेल की आपूर्ति बाधित होने से भारत में भी ईंधन की उपलब्धता पर असर पड़ रहा है। इसका सीधा असर उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में दिखाई दे रहा है, जहां सीएनजी की कमी के चलते वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बहराइच के नानपारा समेत जिले के कई सीएनजी स्टेशनों पर सुबह से ही ऑटो और टेम्पो चालकों की लंबी कतारें लग रही हैं। वाहन चालक अपनी बारी का इंतजार करते हुए घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं। चालकों का कहना है कि उन्हें एक से डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। इस कारण उनकी दैनिक कमाई पर बुरा असर पड़ रहा है, क्योंकि वे कम फेरे लगा पा रहे हैं।
पंप संचालकों के अनुसार, हाल के दिनों में सीएनजी की आपूर्ति पहले की तुलना में कम हो गई है। उन्हें सीमित मात्रा में गैस मिल रही है। इसी वजह से सभी वाहनों को कम मात्रा में गैस दी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को ईंधन उपलब्ध कराया जा सके। यदि आपूर्ति जल्द सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में यह संकट और गहरा सकता है।
