यूरोप की ‘डर्टी पिक्चर’ पर भारतीय यात्री ने छेड़ी बहस, सोशल मीडिया पर छिड़ी जंग
एक भारतीय ट्रैवल ब्लॉगर ने यूरोप यात्रा के दौरान के अपने अनुभवों को सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसने एक बड़ी बहस छेड़ दी है। ब्लॉगर प्रतीक सिंह के अनुसार, यूरोप खूबसूरत तो है, लेकिन साथ ही यह गंदा, अस्त-व्यस्त और कुछ हद तक असुरक्षित भी है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अक्सर यूरोप का एक सजा-संवरा रूप दिखाया जाता है, जिसमें उसकी कम आकर्षक वास्तविकताओं को छिपा दिया जाता है।
प्रतीक सिंह ने अपनी यात्रा के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी, भीड़भाड़ और कुछ जगहों पर सुरक्षा संबंधी चिंताओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा, “पोस्टकार्ड जैसी खूबसूरत सड़कों से परे कई शहरों में साफ-सफाई की कमी साफ दिखती है। जो इलाके कभी साफ-सुथरे लगते थे अब गंदे, अस्त-व्यस्त और कभी-कभी असुरक्षित लगते हैं। जमीनी हकीकत हमेशा उस इमेज से मेल नहीं खाती जो हमें दिखाई जाती है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी की तुलना करना नहीं, बल्कि अपने देखे हुए अनुभव को साझा करना था।
इस पोस्ट को लाखों व्यूज और लाइक्स मिले, जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ यूजर्स ने प्रतीक की बातों से सहमति जताते हुए अपने ऐसे ही अनुभव साझा किए, जबकि अन्य ने उनके विचारों को पक्षपातपूर्ण बताया। यह बहस इस बात पर केंद्रित है कि क्या यूरोप की वास्तविक छवि सोशल मीडिया पर दिखाई जाने वाली छवि से भिन्न है।
