खंडवा में दिनदहाड़े नवविवाहिता को कार में खींचकर ले गए परिजन, मारपीट का सीसीटीवी आया सामने | khandwa news
मध्य प्रदेश के खंडवा शहर के व्यस्त मालीकुंआ इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ लोगों ने एक नवविवाहित जोड़े पर हमला कर दिया। छैगांवमाखन निवासी तेजपाल राजपूत और तंजीम मंसूरी ने कुछ समय पहले ही एक स्थानीय मंदिर में वैदिक रीति-रिवाज से विवाह किया था। सोमवार को दोनों अपने विवाह से जुड़े कानूनी दस्तावेज तैयार कराने के लिए नोटरी के कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान करीब 15 से 20 लोग वहां पहुंचे और उन्होंने तेजपाल के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने नवविवाहिता को सड़क पर घसीटा और जबरन एक कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने शहर की कानून व्यवस्था और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है।
दो साल से थे प्रेम संबंध
मिली जानकारी के अनुसार, तेजपाल और तंजीम के बीच पिछले दो-तीन वर्षों से प्रेम संबंध5 थे। दोनों ने अपनी मर्जी से साथ रहने का फैसला किया था और इससे पहले इंदौर के पास पीथमपुर में भी दस्तावेज तैयार करवाए थे। युवती के परिजनों ने पहले गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद जोड़े ने मंदिर में विवाह करने का निर्णय लिया। नोटरी के बाद उन्हें थाने जाकर बयान दर्ज कराने थे, लेकिन उससे पहले ही यह अप्रिय घटना घट गई।
पुलिस जांच जारी
घटना के बाद डरे-सहमे दूल्हे तेजपाल ने प्रशासन से अपनी पत्नी को सुरक्षित वापस दिलाने की गुहार लगाई है। उसने स्पष्ट किया है कि दोनों बालिग हैं और उन्होंने अपनी इच्छा से यह कदम उठाया है। वहीं, स्थानीय पुलिस ने दूल्हे की शिकायत पर आवेदन को जांच में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है, जिसके बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
