ग्वालियर में भीषण हादसा: धूप सेंक रहे बुजुर्ग पर पलटा गिट्टी से भरा ट्रक, मौके पर मौत
मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र की अरनव कॉलोनी में घर के बाहर धूप सेंक रहे 90 वर्षीय बुजुर्ग गिर्राज शर्मा की गिट्टी से भरे ट्रक के नीचे दबकर मौत हो गई। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें देखा जा सकता है कि ट्रक का पहिया अस्थिर जमीन में धंसने के बाद उसका संतुलन बिगड़ गया और वह बुजुर्ग के ऊपर पलट गया।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब बुजुर्ग अपने घर के सामने बैठे थे। ट्रक का संतुलन बिगड़ने के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही बहोड़ापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर के नीचे दबे बुजुर्ग के शव को बाहर निकाला।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर ने बताया कि दुर्घटना का कारण अस्थिर भूभाग था। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले इलाके में पानी की पाइपलाइन बिछाई गई थी, जिसके कारण मिट्टी गीली हो गई थी। इसी वजह से गिट्टी से भरे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
