बांग्लादेश में उस्मान हादी के जनाजे पर हाई अलर्ट, Dhaka University में दफनाने की तैयारी
बांग्लादेश में इंकिलाब मंच के प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी के निधन के बाद ढाका में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हादी का नमाज-ए-जनाजा शनिवार को ढाका स्थित संसद भवन (जतियो संसद भवन) के साउथ प्लाजा में दोपहर 2 बजे अदा किया जाएगा। मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के प्रेस विंग ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जनाजे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। आम लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार का बैग या भारी सामान साथ न लाएं। साथ ही संसद भवन और उसके आसपास ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है।
हादी को ढाका यूनिवर्सिटी कैंपस में सेंट्रल मस्जिद के पास राष्ट्रीय कवि काजी नजरुल इस्लाम के मकबरे के पास दफनाया जाएगा। ढाका यूनिवर्सिटी सेंट्रल स्टूडेंट्स यूनियन (डकसू) की मुक्ति संग्राम और लोकतांत्रिक आंदोलन सचिव फातिमा तस्नीम जुमा ने बताया कि यह फैसला परिवार की इच्छा के अनुसार लिया गया है।
शरीफ उस्मान हादी का गुरुवार रात सिंगापुर जनरल हॉस्पिटल में निधन हो गया था। 12 दिसंबर को राजधानी ढाका के पुराना पल्टन इलाके में चुनाव प्रचार के दौरान उन पर हमला हुआ था, जिसमें उन्हें सिर में गंभीर गोली लगने की चोट आई थी। पहले उन्हें ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल और एवरकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया, इसके बाद 15 दिसंबर को बेहतर इलाज के लिए सिंगापुर एयरलिफ्ट किया गया था।
हादी के निधन पर मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस ने शनिवार को एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। शुक्रवार शाम को हादी का पार्थिव शरीर सिंगापुर से ढाका लाया गया।
