0

संभल में घने कोहरे के कारण भीषण सड़क हादसा, ट्रक-पिकअप की टक्कर में एक की मौत

By Dec 27, 2025

संभल जिले के रजपुरा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। हसनपुर-गवां रोड पर घने कोहरे के बीच एक ट्रक और पिकअप की टक्कर हो गई, जिसमें पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप में सवार दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसा सुबह करीब आठ बजे हुआ, जब क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ था और दृश्यता बेहद कम थी। तेज रफ्तार के कारण दोनों वाहन चालकों को संभलने का मौका नहीं मिला। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सड़क पर पलट गई। पिकअप में भैंसें भी लदी थीं, जिनमें से एक की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हुईं।

हादसे के बाद पिकअप चालक सलमान करीब 45 मिनट तक केबिन में फंसा रहा। ग्रामीणों और पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पिकअप में सवार घायल किशोरों की पहचान राकिब और साद के रूप में हुई है, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रजपुरा में भर्ती कराया गया है। मृतक चालक सलमान मेरठ जिले का निवासी था।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी बाधित रहा, जिसे बाद में जिसे सुचारू कराया गया।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें