भारी बारिश से आगरा-गुजरात रूट पर ट्रेनों का संचालन बाधित, यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
भारी बारिश के कारण आगरा से गुजरात और मुंबई की ओर जाने वाली ट्रेनों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। रेल ट्रैक पर पानी भर जाने और कई पुलों के ऊपर से पानी बहने की स्थिति के चलते रेलवे ने एहतियातन कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इससे गुजरात और मुंबई की यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, अब तक आधा दर्जन से अधिक ट्रेनों को रद्द किया जा चुका है, जिनमें बांद्रा-बरौनी एक्सप्रेस और हरिद्वार-ब्रांदा एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, तीन विशेष ट्रेनों का संचालन भी रोक दिया गया है। यह स्थिति तब है जब आगरा से प्रतिदिन दो दर्जन से अधिक ट्रेनें गुजरात और मुंबई के लिए चलती हैं, जिनमें अक्सर लंबी वेटिंग लिस्ट रहती है।
अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम रेलवे के घोलवाड़-उमरगाम रोड रेल खंड पर पुल नंबर 203 के पास नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है, जिसके चलते ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया है। मुंबई की ओर भी रेल ट्रैक पर पानी भरा हुआ है। इस कारण अब तक 200 से अधिक यात्रियों ने अपनी बुकिंग रद्द कराई है। रेलवे यात्रियों से अपील कर रहा है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति अवश्य जांच लें।
