भोजपुर बर्थडे पार्टी में हर्ष फायरिंग: डांसर पर की गोलीबारी, बच्चे के मामा को लगी गोली | Bihar crime news
भोजपुर जिले के पीरो थाना क्षेत्र के संभल टोला गांव में एक बर्थडे पार्टी में नाच के दौरान हर्ष फायरिंग की घटना ने सनसनी फैला दी है। इस गोलीबारी में अखिलेश कुमार यादव नामक 29 वर्षीय युवक को गोली लगी, जो बच्चे का मामा बताया जा रहा है।
घायल अखिलेश को पहले पीरो अनुमंडलीय अस्पताल और फिर आरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में लाल बाबू यादव नामक एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, हालांकि घटना में प्रयुक्त हथियार अभी बरामद नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सहार थाना क्षेत्र के खैरा बाजार निवासी हरेराम यादव के तीन वर्षीय पुत्र लवकुश कुमार के तीसरे जन्मदिन के अवसर पर आयोजित पार्टी में हुई। परिवार ने घर पर ही डांस पार्टी का आयोजन किया था। खाना खाने के बाद लोग नाच का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने पिस्टल निकालकर नर्तकी को देखते हुए गोली चला दी, जो सीधे अखिलेश के सीने में जा लगी। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
