Dehradun में सशक्त Uttarakhand news पर महामंथन, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन करेंगे उद्घाटन
मध्य हिमालयी राज्य उत्तराखंड अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर चुका है। इस सफर में राज्य ने कई चुनौतियों का सामना करते हुए विकास के पथ पर तेजी से प्रगति की है। अब राज्य के भविष्य को और बेहतर बनाने के लिए देहरादून में एक विशेष मंच का आयोजन किया जा रहा है। इस फोरम में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ सशक्त उत्तराखंड का रोडमैप तैयार करने के लिए गहन मंथन करेंगे।
राजधानी देहरादून में आयोजित इस फोरम का उद्घाटन देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन करेंगे। इस अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में विशेषज्ञ राज्य में उपलब्ध संसाधनों और संभावनाओं के अनुरूप विकास का खाका खींचने में मार्गदर्शक की भूमिका निभाएंगे।
उत्तराखंड ने अपनी 25 वर्ष की यात्रा में पर्यटन, तीर्थाटन, योग-वेलनेस, औद्योगिक विकास, शिक्षा, इन्फ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी (रोड, रेल, रोपवे), स्वास्थ्य और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। समान नागरिक संहिता लागू करने जैसे ऐतिहासिक निर्णय भी इसी कालखंड में लिए गए। यह फोरम इन उपलब्धियों के साथ ही भविष्य की चुनौतियों पर भी विचार करेगा।
फोरम में इस बात पर भी गहन चर्चा होगी कि विकास की रफ्तार को कैसे तेज किया जाए और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में उत्तराखंड का योगदान क्या हो सकता है। उद्घाटन सत्र में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन अगले 25 वर्षों में उत्तराखंड को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
