0

गुजरात: स्कूल में बच्ची को इंजेक्शन लगाकर फरार हुआ युवक, मचा हड़कंप

By Nov 22, 2025

गुजरात के मेहसाणा जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। वीजापुर शहर के एक स्कूल में घुसकर एक अज्ञात युवक ने कक्षा दो में पढ़ने वाली आठ वर्षीय बच्ची को इंजेक्शन लगा दिया और मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी युवक स्कूल के पीछे बच्ची को जबरन ले गया और उसके हाथ में इंजेक्शन लगाया। घटना के तुरंत बाद, बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाएं और पुरुष स्कूल के बाहर एकत्र हो गए और उन्होंने घटना पर रोष व्यक्त किया।

पुलिस निरीक्षक केके चौधरी ने बताया कि स्कूल के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फुटेज की मदद से पुलिस युवक के चेहरे की पहचान करने और उसे पकड़ने की कोशिश कर रही है। युवक द्वारा इस कृत्य को अंजाम देने के पीछे का उद्देश्य अभी स्पष्ट नहीं हो सका है और इसे लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

पीड़ित बच्ची को तत्काल वडनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मेडिकल जांच कराई गई। डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची की हालत स्थिर है और उसे किसी भी प्रकार की गंभीर परेशानी नहीं है। हालांकि, इस घटना ने बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में गहनता से जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस घटना ने अभिभावकों को चिंतित कर दिया है और स्कूल परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें