FSSAI का डाबर पर एक्शन: 100% शुद्धता के दावों वाले प्रोडक्ट्स की बिक्री पर रोक, 15 दिन में मांगी रिपोर्ट
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने डाबर इंडिया के कुछ प्रमुख उत्पादों, जैसे शहद और गाय के घी, की बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी है। यह रोक कंपनी द्वारा अपने उत्पादों के लिए ‘100% शुद्धता’ जैसे दावों के कारण लगाई गई है, जिन्हें FSSAI ने उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाला बताया है।
FSSAI की जांच में पाया गया कि डाबर की वेबसाइट पर बेचे जा रहे खाद्य पदार्थों पर ‘100% नेचुरल’, ‘100% प्योर’, ‘100% प्योरिटी गारंटेड’ और ‘100% टेंडर कोकोनट वॉटर’ जैसे लेबल इस्तेमाल किए जा रहे थे। प्राधिकरण का कहना है कि ‘100 प्रतिशत’ जैसे दावों का उपयोग FSS विनियम, 2018 का उल्लंघन है, क्योंकि ये अस्पष्ट, असत्यापित और भ्रामक हैं।
पहले भी जारी हुआ था नोटिस
FSSAI ने बताया कि कंपनी को पहले भी ऐसे भ्रामक दावों को तुरंत बंद करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन डाबर ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद FSSAI को यह सख्त कदम उठाना पड़ा। अब डाबर को 15 दिनों के भीतर यह स्पष्ट करना होगा कि FSSAI के आदेश के बाद उन्होंने क्या कदम उठाए हैं।
वैज्ञानिक प्रमाणों की आवश्यकता
FSSAI के अनुसार, ‘100%’ शब्द की खाद्य सुरक्षा नियमों में कोई परिभाषित परिभाषा नहीं है, जिससे ऐसे दावे उपभोक्ताओं को भ्रमित कर सकते हैं। नियमों के तहत, किसी भी उत्पाद पर किया गया दावा सत्य, स्पष्ट और वैज्ञानिक प्रमाणों पर आधारित होना चाहिए। भ्रामक दावों पर FSSAI उत्पाद की बिक्री रोकने सहित अन्य कार्रवाई कर सकता है।
