एलपीजी न मिलने से परेशान उपभोक्ता खाली सिलेंडर लेकर पहुंचे थाने, एजेंसी मैनेजर के खिलाफ शिकायत
आशियाना क्षेत्र के किला मोहम्मदी में संचालित एचपी गैस एजेंसी की मनमानी से परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। बीते एक सप्ताह से गैस उपलब्ध न होने से नाराज उपभोक्ताओं ने खाली सिलेंडर लेकर आशियाना थाने में एजेंसी मैनेजर सौरभ शुक्ला के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उपभोक्ताओं ने बताया कि उनकी गैस बुक है और ओटीपी भी आ चुका है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहा है। रोज सुबह सात बजे से लाइन लगाने के बावजूद दोपहर तक गैस सप्लाई की गाड़ी नहीं पहुंच पाती है।
इस समस्या के कारण उपभोक्ताओं को खाली सिलेंडर लेकर घर लौटना पड़ रहा है। बार-बार चक्कर काटने से तंग आकर दर्जनों की संख्या में उपभोक्ता एजेंसी पर हंगामा करने के बाद थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। आशियाना इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह ने बताया कि उपभोक्ताओं की शिकायत पर एजेंसी के मैनेजर को गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस मामले से आम जनता को आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता में आ रही दिक्कतों को उजागर किया गया है।
