लखनऊ में कांवड़ मार्ग पर फूड सेफ्टी टीम का एक्शन, जूस कॉर्नर व मटन शॉप सील
लखनऊ में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने शुक्रवार को शहर के कांवड़ मार्गों पर एक बड़ा अभियान चलाया। इस कार्रवाई में चिनहट स्थित इमरान जूस कॉर्नर में कृत्रिम रंग से रंगे अनार के दाने और सड़ा-गला मैंगो पल्प मिलने पर करीब 40 किलो सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। गंभीर अनियमितताओं के चलते इस प्रतिष्ठान को तत्काल प्रभाव से बंद करने का आदेश दिया गया।
इसी क्रम में, अनौरा कला स्थित मटन जंक्शन को वैध लाइसेंस के अभाव में सील कर दिया गया और उसका संचालन रोक दिया गया। सहायक आयुक्त (खाद्य)-II, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने सुल्तानपुर रोड, मोहनलालगंज, चिनहट, बीबीडी, अनौरा कला, मटियारी और भिठौली-टेढ़ी पुलिया जैसे क्षेत्रों में 70 से अधिक होटल, ढाबों, स्वीट शॉप, मीट शॉप और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का गहन निरीक्षण किया।
इस अभियान के दौरान 59 खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की गई और कई संदिग्ध नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। निरीक्षण में एक्सपायर्ड काली मिर्च पाउडर, अखाद्य गुलाबरी और सेंट भी पाए गए, जिन्हें तुरंत नष्ट कर दिया गया। शासन के निर्देशों के अनुसार, कांवड़ मार्ग को मांस, मछली और अंडा मुक्त रखने के लिए खुले में नॉनवेज और अंडे बेचने वाले कई दुकानदारों की बिक्री तुरंत बंद कराई गई। चिकन और मटन विक्रेताओं को श्रावण माह तक खुले में बिक्री न करने की चेतावनी दी गई। विभाग ने अभियान के दौरान 200 से अधिक खाद्य कारोबारियों और आम जनता को खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता, लाइसेंस संबंधी नियमों और रेट लिस्ट प्रदर्शित करने के महत्व के बारे में जागरूक किया। साथ ही, 70 से अधिक प्रतिष्ठानों पर फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप के स्टीकर भी लगाए गए। इस तरह के अभियान आम जनता के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
