श्रीराज नगर निजी माल पटरी पर पहली मालगाड़ी पहुंची, रेलवे को 27 लाख का राजस्व
उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने माल ढुलाई के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। श्रीराज नगर स्थित कान साइलोज लखनऊ प्राइवेट लिमिटेड की निजी माल पटरी पर पहली मालगाड़ी का सफल संचालन किया गया। इस ऑपरेशन से रेलवे को 27.26 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। यह सफलता डीआरएम सुनील कुमार वर्मा के निर्देशन और संबंधित अधिकारियों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।
यह मालगाड़ी अंबाला मंडल के बरवाला स्टेशन से श्रीराज नगर तक पहुंची, जिसमें 42 डिब्बों के माध्यम से 2,751 टन गेहूं का परिवहन किया गया। भारतीय खाद्य निगम इस खेप का प्रेषक और प्राप्तकर्ता दोनों था। श्रीराज नगर का यह नया गति शक्ति माल टर्मिनल कम समय में विकसित कर परिचालन के लिए तैयार किया गया है।
इस आधुनिक माल ढुलाई आधारभूत सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र के ग्राहकों को तेज, सुविधाजनक और दक्ष परिवहन सेवाएं मिलेंगी। निजी माल टर्मिनलों के माध्यम से माल परिवहन को बढ़ावा देने, ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने और मालभाड़ा आय बढ़ाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे भविष्य में नियमित माल परिवहन का मार्ग प्रशस्त होगा और क्षेत्र के औद्योगिक तथा कृषि उत्पादों की आपूर्ति व्यवस्था और मजबूत होगी।
