फरीदाबाद: नगर निगम की राह नहीं देखी, RWA ने चंदा जुटाकर खुद संवार दिया पूरा ब्लॉक
हर कोई अपने घर को साफ व सुंदर रखना चाहता है, लेकिन फरीदाबाद के सेक्टर-10 ब्लाॅक डी-दो के निवासियों ने अपने पूरे ब्लाॅक का सुंदरीकरण करने का बीड़ा उठाया है। इसके लिए उन्होंने नगर निगम पर निर्भर रहने के बजाय स्वयं पहल की। आरडब्ल्यूए ने सेक्टरवासियों से चंदा एकत्रित कर एक के बाद एक काम करा रही है, जिससे पूरा ब्लाॅक सुंदर दिखाई देने लगा है।
रविवार को ब्लाॅक की पार्क हाॅस्पिटल वाली रोड का जीर्णोद्धार व सुंदरीकरण कराया गया। आरडब्ल्यूए के संरक्षक एवं पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह बीसला और एडवोकेट हरदीप सिंह ने बताया कि पार्क हाॅस्पिटल वाली रोड पर दोनों तरफ रंग-बिरंगे फूलों के पौधे लगाए जा रहे हैं। यहां हरी घास लगाकर ग्रीनबेल्ट की सुंदरता को बढ़ाया जा रहा है। रोड के दोनों तरफ पौधों की छंटाई कराई जा रही है। इसके बाद अब लाइटों के उजाले से पूरी रोड रोशनी से जगमग हो जाएगी।
ब्लाॅक से लगते पार्क में अंदर व बाहर की तरफ टाइलें लगाई जा रही हैं जिससे पार्क की सुंदरता बढ़ जाएगी। ब्लाॅक के पार्क में म्यूजिक सिस्टम लगाया जाएगा, जिसमें सुबह सैर करने वाले लोगों को भजन व देश भक्ति के गीत सुनने को मिलेंगे। सड़क के दोनों तरफ जो टाइल लगी हुई थी, उन्हें दुरुस्त किया जा रहा है।
ब्लाॅक के प्रधान जगदीश सिंह नैन व अधिवक्ता शिवदत्त वशिष्ठ ने बताया कि इससे पहले भी ब्लाक में चार मेन गेट को बनवाया जा चुका है। यहां पुरानी जर्जर पानी की टंकी को तुड़वाया जा चुका है। सेक्टरों में जगह-जगह साइन बोर्ड लगवाए हैं ताकि बाहरी व्यक्ति आसानी से पते पर पहुंच सकें। स्थानीय निवासी इंजीनियर अनूप वशिष्ठ ने बताया कि ब्लाक के गेटों के ऊपर देशभक्ति के गीत व स्वतंत्रता सेनानियों की तस्वीरें लगी हुई हैं। आगे भी इसी तरह के और भी काम ब्लाक में कराए जाएंगे।
