0

बुलंदशहर में 50 हजार के इनामी बदमाश जुबैर का एनकाउंटर, पुलिस ने मार गिराया

By Dec 21, 2025

बुलंदशहर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश जुबैर को मुठभेड़ में मार गिराया है। यह मुठभेड़ कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस के अनुसार, जुबैर पर उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली में कुल 47 आपराधिक मामले दर्ज थे। इस कार्रवाई के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है।

शनिवार देर रात कोतवाली देहात पुलिस जसनावली के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया और गुलावठी पुलिस की मदद से उन्हें सेल्टन बंबा रोड पर घेर लिया। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में जुबैर घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि जुबैर उर्फ पीटर उर्फ आजाद मेरठ का निवासी था। वह हाल ही में कोतवाली देहात क्षेत्र में हुई लूट और गुलावठी क्षेत्र में बकरा चोरी की घटनाओं में वांछित था। इन दोनों मामलों में डीआईजी मेरठ ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। घायल जुबैर को अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

जुबैर के खिलाफ दर्ज 47 मामलों को देखते हुए, पुलिस का मानना है कि इस एनकाउंटर से क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गिरोहों पर लगाम लगेगी। फरार हुए दूसरे बदमाश की तलाश में पुलिस कॉम्बिंग कर रही है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें