बहराइच में पुलिस और लुटेरे के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद अपराधी गिरफ्तार
बहराइच में लूटी हुई बाइक के साथ नेपाल भाग रहे श्रावस्ती के एक आरोपित की एसओजी और नानपारा कोतवाली पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के बाद आरोपित को गिरफ्तार कर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने लूटी गई बाइक भी बरामद कर ली है। हालांकि, मौके से एक आरोपित अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस ने शुरू कर दी है।
दरअसल, 8 दिसंबर को कोतवाली नानपारा के नहर पटरी के पास बदमाशों ने रुपईडीहा इलाके के बाबागंज निवासी एक व्यक्ति से बाइक और 5100 रुपये नकदी लूट ली थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि रविवार भोर तीन बजे लूटकांड के आरोपितों के नेपाल भागने की सूचना मिली। इस पर एसओजी प्रभारी मनोज कुमार और कोतवाल नानपारा राजनाथ सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने नेपालगंज रोड पर हांड़ा बसेहरी गांव के पास वाहनों की जांच शुरू की।
बाइक चेकिंग के दौरान एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। फायरिंग में एक गोली बदमाश के पैर में लगी, जबकि दूसरा अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। पुलिस मुठभेड़ की सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह और पुलिस क्षेत्राधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
घायल बदमाश की पहचान श्रावस्ती निवासी दीपक कश्यप के रूप में हुई है, जिसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पास से लूटी गई बाइक, एक तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।
