आगरा में कोहरे का असर: Vande Bharat और Gatimaan Express समेत 21 ट्रेनें लेट, 120 यात्रियों ने टिकट रद्द कराए
आगरा में घने कोहरे के कारण शनिवार को रेलवे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। आगरा मंडल से गुजरने वाली 21 ट्रेनों की रफ्तार धीमी पड़ गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कोहरे के कारण ट्रेनें एक घंटे से लेकर सात घंटे तक की देरी से चल रही थीं। प्रीमियम ट्रेनों में शामिल वंदे भारत और गतिमान एक्सप्रेस भी इस देरी से अछूती नहीं रहीं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कोहरे के कारण सचखंड एक्सप्रेस सबसे अधिक सात घंटे लेट रही। वहीं, महाकौशल एक्सप्रेस भी सवा पांच घंटे की देरी से आगरा पहुंची। खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस एक घंटा और गतिमान एक्सप्रेस 46 मिनट की देरी से चली। ट्रेनों के देरी से चलने के कारण 120 से अधिक यात्रियों ने अपने टिकट रद्द करा दिए।
रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि कोहरे के चलते कुछ ट्रेनें देरी से चली हैं और यात्रियों को लगातार घोषणाओं के माध्यम से जानकारी दी जा रही है। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर देरी से चल रही आधा दर्जन ट्रेनों के कोच में पानी भरने का काम भी किया गया। ट्रेनों के साथ-साथ खेरिया एयरपोर्ट से भी चार फ्लाइट्स देरी से रवाना हुईं, जिससे यात्रियों ने विरोध भी विरोध जताया।
