Drishyam 3 विवाद: प्रोड्यूसर ने Akshaye Khanna को भेजा लीगल नोटिस, लगाए गंभीर आरोप
फिल्म ‘दृश्यम 3’ की शूटिंग शुरू होने से पहले ही बड़े विवादों में घिर गई है। फिल्म के प्रोड्यूसर कुमार मंगत पाठक ने अभिनेता अक्षय खन्ना को लीगल नोटिस भेजा है। मंगत पाठक ने अक्षय खन्ना पर आरोप लगाया है कि उन्होंने अचानक प्रोजेक्ट छोड़ दिया, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ। प्रोड्यूसर का कहना है कि अक्षय खन्ना अपनी हालिया सफलता के बाद खुद को सुपरस्टार समझने लगे हैं और अब वह ‘दृश्यम 3’ के लिए भी ज्यादा फीस मांग रहे हैं।
कुमार मंगत ने एक इंटरव्यू में बताया कि ‘दृश्यम 3’ के लिए अक्षय खन्ना के साथ एक उचित समझौता हुआ था। फीस पर बातचीत के बाद उन्हें एडवांस पेमेंट भी दिया गया था और उनके कॉस्ट्यूम भी डिजाइन किए गए थे। लेकिन शूटिंग शुरू होने से 10 दिन पहले उन्होंने फिल्म से बाहर होने का फैसला कर लिया। प्रोड्यूसर ने इस कदम को बेहद गैर-पेशेवर बताया है।
‘दृश्यम 2’ के बाद मिली पहचान
कुमार मंगत ने अक्षय खन्ना के व्यवहार पर निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि एक समय था जब अक्षय खन्ना कुछ भी नहीं थे। उस समय मैंने उनके साथ ‘सेक्शन 375’ (2019) बनाई थी। तब भी कई लोगों ने मुझे उनके गैर-पेशेवर व्यवहार के कारण उनके साथ काम न करने की सलाह दी थी। ‘सेक्शन 375’ ने उन्हें पहचान दिलाई। बाद में मैंने उन्हें ‘दृश्यम 2’ (2022) में साइन किया। उन्हें ‘दृश्यम 2’ के बाद ही बड़े ऑफर मिले हैं। इससे पहले वह 3-4 साल तक घर पर बैठे हुए थे।
विग पर भी हुआ विवाद
प्रोड्यूसर ने यह भी खुलासा किया कि अक्षय खन्ना फिल्म में विग पहनना चाहते थे। हालांकि, ‘दृश्यम 2’ में उनके गंजे लुक को दिखाया गया था, इसलिए निर्देशक अभिषेक पाठक ने उन्हें ‘दृश्यम 3’ में विग न पहनने के लिए कहा, ताकि फिल्म की कहानी में कोई विरोधाभास न हो। अक्षय पहले तो सहमत हो गए, लेकिन बाद में उन्होंने विग पहनने का फैसला किया।
‘दृश्यम’ ब्रांड अक्षय से बड़ा
कुमार मंगत ने कहा कि अगर अक्षय खन्ना खुद को सुपरस्टार समझते हैं, तो उन्हें अकेले एक बड़े बजट की फिल्म का निर्माण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अक्षय की सोलो फिल्में भारतीय बाजार में 50 करोड़ रुपये भी नहीं कमा पाएंगी। मंगत ने कहा कि कुछ अभिनेता एनसेंबल कास्ट वाली फिल्मों के हिट होने के बाद खुद को स्टार समझने लगते हैं। अक्षय के साथ भी यही हुआ है। उन्होंने कहा कि ‘दृश्यम’ एक बहुत बड़ा ब्रांड है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वह फिल्म में हैं या नहीं।
