धर्मेंद्र के निधन से सलमान खान हुए भावुक, बिग बॉस 19 होस्टिंग पर बोले- ‘काश ये हफ्ता न होता’
दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के आकस्मिक निधन ने सलमान खान को गहरा सदमा पहुंचाया है। बिग बॉस 19 के हालिया ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड के दौरान, सलमान खान धर्मेंद्र को याद करते हुए बेहद भावुक हो गए। उन्होंने यहां तक कह दिया कि काश उन्हें इस हफ्ते यह एपिसोड होस्ट न करना पड़ता। धर्मेंद्र का 24 नवंबर को निधन हो गया था, जिसके बाद से पूरा बॉलीवुड शोक की लहर में डूबा हुआ है। फिल्मी सितारों से लेकर आम प्रशंसकों तक, हर कोई उन्हें नम आँखों से श्रद्धांजलि दे रहा है।
बिग बॉस 19 के मंच पर, सलमान खान ने धर्मेंद्र को भावुक होकर याद किया। उन्होंने कहा, “यह हफ्ता वैसे ही जो गुज़रा है, मन्नतें मांग कर, प्रार्थनाएं करके, आंसुओं के साथ गुज़रा है। देश को एक बहुत ही बड़ा झटका लगा है, फैंस को एक बहुत ही बड़ा झटका लगा है। इंडस्ट्री को एक बहुत ही बड़ा सदमा पहुंचा है।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं समझता हूँ आप समझ रहे हैं मैं किनकी बात कर रहा हूँ। एनीवे, भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। मेरी इच्छा थी कि मैं इस हफ्ते का वीकेंड का वार न करूँ, पर ज़िन्दगी चलती रहती है।”
धर्मेंद्र और सलमान खान के बीच गहरा नाता था। धर्मेंद्र ने कई बार सलमान को अपने तीन बेटों – सनी देओल, बॉबी देओल और सलमान – में से एक माना था। इससे पहले, जब सलमान ‘दस का दम’ होस्ट कर रहे थे, तब धर्मेंद्र अपने बेटों सनी और बॉबी के साथ शो में आए थे। उस दौरान उन्होंने सलमान के साथ अपने विशेष रिश्ते और समानताओं के बारे में बात की थी। सलमान ने भी कई मौकों पर धर्मेंद्र के प्रति अपनी गहरी प्रशंसा व्यक्त की है और अक्सर उनके डांस स्टेप्स को कॉपी करते हुए भी देखे गए हैं।
