धारदार हथियार से सिर पर वार, खेत में फेंका युवक का शव, पुलिस की तलाश जारी
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक युवक की सिर पर धारदार हथियार से वार कर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर शव को खेत में फेंककर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, जनपद संभल के बहजोई के मोहल्ला नई बस्ती दुर्गा कालोनी निवासी अनिकेत (उम्र लगभग 22 वर्ष) मुरादाबाद की एक फर्म में काम करता था। रविवार की शाम वह अपने दोस्त की शादी में शामिल होने कुंदरकी आया था। शादी समारोह से निकलने के बाद वह घर के लिए निकला, लेकिन रास्ते में ही हमलावरों ने उसे निशाना बना लिया।
सोमवार की तड़के करीब चार बजे चंदौसी मुरादाबाद बाइपास स्थित गांव जैतपुर निवासी भीमसेन दिवाकर के खेत में कुछ लोगों ने एक शव पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन किसी भी ग्रामीण ने युवक को पहचानने से इनकार कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने इंटरनेट मीडिया का सहारा लिया और युवक की तस्वीरें साझा कीं। तस्वीरों के माध्यम से युवक की पहचान अनिकेत के रूप में हुई। मामले की जानकारी मिलते ही अनिकेत के परिजन मुरादाबाद के लिए रवाना हो गए और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस अधीक्षक (देहात) कुंवर आकाश सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की हत्या कर शव को खेत में फेंका गया है। उन्होंने बताया कि युवक के सिर पर धारदार हथियार से गंभीर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का और खुलासा होगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी और इस घटना के पीछे के कारणों का पता लगाएगी। पुलिस ने क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है।
