दिल्ली-NCR में घना कोहरा, उड़ानें प्रभावित, नोएडा में स्कूल बंद; ‘delhi weather’ ने बढ़ाई परेशानी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और NCR में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। दृश्यता लगभग शून्य होने के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात पर गहरा असर पड़ा। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) पर कई उड़ानों में देरी हुई, जबकि कुछ को डायवर्ट करना पड़ा।
दिल्ली-NCR में घने कोहरे के कारण कई उड़ानें प्रभावित हुईं। यात्रियों के लिए IGI एयरपोर्ट ने एडवाइजरी जारी की। गोवा से दिल्ली आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान को घने कोहरे के कारण अहमदाबाद डायवर्ट करना पड़ा। जयपुर हवाई अड्डे पर भी कई उड़ानें पहले से ही डायवर्ट की जा चुकी थीं, जिससे वहां भी भीड़ बढ़ गई। इसके अलावा, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भी कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं।
नोएडा में स्कूल बंद, आवागमन मुश्किल
नोएडा में रविवार देर शाम से ही घना कोहरा छाया हुआ है। जिला प्रशासन ने घने कोहरे और भीषण ठंड को देखते हुए एहतियाती कदम उठाया है। नोएडा में 29 दिसंबर से 1 जनवरी तक सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे पर दृश्यता लगभग शून्य होने के कारण वाहन चलाना बेहद मुश्किल हो गया है, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है।
AQI ‘गंभीर’ श्रेणी में, IMD का ऑरेंज अलर्ट
दिल्ली में घने कोहरे के साथ-साथ वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) भी ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली का समग्र AQI 403 दर्ज किया गया। आनंद विहार में AQI 459 के साथ सबसे खराब स्थिति रही। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए ‘बहुत घने कोहरे’ का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। IMD ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
