आगरा में घना कोहरा, दृश्यता शून्य; कोल्ड डे अलर्ट जारी (Agra weather)
आगरा में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शनिवार रात से ही शहर में घना कोहरा छाना शुरू हो गया था, जिसके चलते दृश्यता शून्य हो गई। सड़कों पर वाहनों की गति पर ब्रेक लग गया और लोगों को गलन भरी ठंड का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए ‘कोल्ड डे’ का अलर्ट जारी किया है।
घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पांच मिनट की दूरी तय करने में आधा घंटे से अधिक समय लग रहा है। दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों को लाइटें जलाकर चलना पड़ रहा है। गलन बढ़ने से रातभर लोग ठिठुरते रहे।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी अत्यंत घना कोहरा छाया रहा। ठंडी हवाएं चलने से लोगों की कंपकंपी छूट गई। कोहरे का असर पर्यटन पर भी पड़ा है। ताजमहल देखने आए पर्यटकों को डायना बेंच से भी ताज का दीदार नहीं हो पाया।
मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार को भी घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। शहर में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले कुछ दिनों का तापमान इस प्रकार रहा:
25 दिसंबर: अधिकतम 22.7, न्यूनतम 7.6
26 दिसंबर: अधिकतम 22.3, न्यूनतम 7.4
27 दिसंबर: अधिकतम 20.8, न्यूनतम 7.1
28 दिसंबर: अधिकतम 18.6, न्यूनतम 9.7
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने के साथ ही घना कोहरा छाया रह सकता है।
