फार्मासिस्ट भर्ती में सीटें बढ़ाने की मांग, डिप्टी सीएम ने CM से बात का दिया आश्वासन
स्वास्थ्य विभाग में फार्मासिस्ट के खाली पदों को भर्ती में शामिल करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक से मिला। अभ्यर्थियों ने तर्क दिया कि विभाग में काफी पद रिक्त हैं, लेकिन भर्ती में उनकी संख्या कम रखी गई है। उन्होंने मांग की कि रिक्त पदों को भी भर्ती प्रक्रिया में जोड़ा जाए ताकि अधिक से अधिक योग्य अभ्यर्थियों को रोजगार मिल सके।
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य महानिदेशक (डीजी हेल्थ) से फोन पर वार्ता की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार इस मुद्दे पर कानूनी रूप से संभव सभी रास्ते तलाशेगी और नियमों के दायरे में रहकर अभ्यर्थियों की मदद की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन से भी बात हो चुकी है।
डिप्टी सीएम ने अभ्यर्थियों से कहा कि वे अपनी मांगों के चार-पांच प्रमुख बिंदु तैयार करें, जिन्हें मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री से इस विषय पर बुधवार को ही दोबारा चर्चा की जाएगी। उन्होंने शैलेंद्र श्रीवास्तव को तलब कर अभ्यर्थियों की मांगों के प्रमुख बिंदु तैयार करने के निर्देश दिए और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इस पहल से प्रदेश भर के फार्मासिस्ट अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
