तमिलनाडु में प्रवासी मजदूर पर जानलेवा हमला, नाबालिगों ने वीडियो बनाकर किया वायरल; Tamil Nadu crime news
तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में एक प्रवासी मजदूर पर हुए जानलेवा हमले ने राज्य में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मध्य प्रदेश के रहने वाले सिराज नामक मजदूर पर चार नाबालिगों ने धारदार हथियारों से हमला किया। यह पूरी घटना हमलावरों ने खुद ही अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड की और सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। वीडियो में हमलावर ‘विक्ट्री साइन’ दिखाते हुए भी नजर आ रहे हैं, जिससे घटना की गंभीरता बढ़ जाती है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना तब शुरू हुई जब सिराज ट्रेन से यात्रा कर रहे थे। नाबालिगों के समूह ने ट्रेन में ही उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। बाद में वे सिराज को एक सुनसान जगह पर ले गए और वहां उन पर बेरहमी से हमला किया। इस हमले में सिराज को गंभीर चोटें आईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
इस घटना पर तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एडप्पादी के पलानीस्वामी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह देखकर दिल दहल जाता है कि जिन हाथों में किताबें होनी चाहिए, वे अब धारदार हथियार चला रहे हैं। उन्होंने DMK सरकार पर हमला करते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और ऐसी बर्बरता की घटनाएं शर्मनाक हैं।
पुलिस ने वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने की उम्मीद है।
