दिल्ली धमाके के बाद आगरा हाई अलर्ट पर: पार्किंग से हटाईं लंबे समय से खड़ीं गाड़ियां
दिल्ली में लाल किला के पास हुए कार ब्लास्ट के बाद आगरा में सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से बढ़ा दिया गया है। सोमवार रात से ही रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने मिलकर रात भर सघन चेकिंग अभियान चलाया, जिसके तहत रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों की पार्किंग में विशेष जांच की गई। यह कड़ी निगरानी मंगलवार को दिनभर जारी रही।
मंगलवार को आगरा कैंट, आगरा फोर्ट और राजा की मंडी रेलवे स्टेशनों पर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर रही। आगरा कैंट की कार पार्किंग में खड़ी गाड़ियों की डॉग स्क्वायड की मदद से दोबारा गहन चेकिंग की गई। इसी दौरान आरपीएफ को पार्किंग में लंबे समय से खड़ी दो गाड़ियों के बारे में जानकारी मिली। तत्काल इन गाड़ियों के नंबर ट्रेस कर उनके मालिकों से संपर्क साधा गया और उन्हें अपनी गाड़ियां पार्किंग से हटाने के निर्देश दिए गए। कुछ ही देर में दोनों गाड़ियों के मालिक मौके पर पहुंचे और अपनी गाड़ियां वहां से हटा ले गए।
रेलवे स्टेशन की दोपहिया वाहन पार्किंग में भी सुरक्षाकर्मियों ने बाइक और स्कूटरों की डिग्गी की जांच की। आरपीएफ ने पार्सल घर में रखे पार्सल भी डॉग स्क्वायड की सहायता से खंगाले। आरपीएफ और जीआरपी ने ट्रेनों के अंदर भी व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। ट्रेनों के जनरल और स्लीपर कोचों में सीटों के नीचे रखे सामान और संदिग्ध दिख रहे व्यक्तियों की पहचान पत्रों की जांच की गई।
दिल्ली ब्लास्ट के बाद मंगलवार को आगरा दीवानी परिसर में भी सुरक्षा अभूतपूर्व रूप से बढ़ा दी गई। एसएसएफ के जवान और पुलिसकर्मी हर वादकारी को सघन चेकिंग के बाद ही परिसर में प्रवेश दे रहे थे। वादकारियों के बैग और गाड़ियों की डिग्गी खुलवाकर जांच की गई, और परिसर का चप्पा-चप्पा खंगाला गया। यूपीएसएसएफ के न्यायालय सुरक्षा प्रभारी निरीक्षक मुकेश यादव, प्रभारी निरीक्षक पुलिस गंगासागर और चौकी इंचार्ज अखिलेश दीक्षित के संयुक्त नेतृत्व में एसएसएफ क्यूआरटी ने पूरे न्यायालय परिसर की सघन चेकिंग की। न्यायालय प्रभारी मुकेश यादव ने गेटों पर तैनात जवानों को पूर्ण सतर्कता और सजगता बरतने के सख्त निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
सतर्कता के मद्देनजर, मंगलवार को आईएसबीटी और ईदगाह बस स्टैंड पर भी पुलिस ने जांच अभियान चलाया। आईएसबीटी पर हरीपर्वत थाना पुलिस ने पार्किंग में खड़ी कारों, दोपहिया वाहनों और बसों में सवार होने वाले यात्रियों के सामान की बारीकी से जांच की। पुलिस ने रोडवेज कर्मियों, ड्राइवरों और परिचालकों को किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को देने के निर्देश दिए। वहीं, रेलवे स्टेशनों पर आरपीएफ और जीआरपी ने कुलियों, सफाईकर्मियों, ऑटो और टैक्सी चालकों को भी सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण निर्देश दिए। सर्कुलेटिंग एरिया में भी टीमों ने अपनी निगरानी बढ़ा दी, ताकि सुरक्षा में कोई चूक न हो।
