श्री धुन्नू सिंह स्कूल में क्रिकेट टूर्नामेंट संपन्न, विवेकानंद हाउस ने जीती ट्रॉफी | Jhinjhak sports news
झींझक के श्री धुन्नू सिंह किड्स इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में हुए स्व. नरेंद्र सिंह क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन हुआ। इस टूर्नामेंट का फाइनल मैच विवेकानंद हाउस और रमन हाउस के बीच खेला गया, जिसमें विवेकानंद हाउस ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। टॉस जीतकर विवेकानंद हाउस ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। रमन हाउस ने निर्धारित 10 ओवर में 61 रन बनाए, जिसके जवाब में विवेकानंद हाउस ने 2 विकेट शेष रहते ही लक्ष्य प्राप्त कर लिया और ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। श्रेयांश यादव को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
इस आयोजन के दौरान केवल क्रिकेट ही नहीं, बल्कि स्केटिंग, डांस, कराटे, खो-खो और कबड्डी सहित विभिन्न अन्य प्रतियोगिताओं का भी सफल आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
टूर्नामेंट और अन्य प्रतियोगिताओं के समापन पर एक भव्य पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें विद्यालय के चेयरमैन सुरेन्द्र सिंह धुन्नू, प्रबंधक राहुल सिंह और प्रधानाचार्य रिषी तिवारी सहित सहार ब्लॉक प्रमुख आकाश सिंह ऋषी, विपन शर्मा, शिक्षक शशांक शेखर सिंह, जीआईसी प्रधानाचार्य विमल अग्निहोत्री, समाज सेविका लता तिवारी और बीईओ शैलेश द्विवेदी जैसे गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इन सभी अतिथियों ने विजेता छात्र-छात्राओं और टूर्नामेंट में शामिल बच्चों को शील्ड, प्रमाण पत्र और अन्य पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
