अलीगढ़ गैंगरेप पर कांग्रेस का हल्लाबोल, BJP सरकार पर उठाए सवाल
अलीगढ़ में छर्रा गैंगरेप की घटना ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष शेरपाल सिंह सविता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का नारा देने वाली सरकार के राज में ही नाबालिग बच्चियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म जैसी घटनाएं हो रही हैं, जो सरकार के दावों की पोल खोल रही हैं।
सविता ने आरोप लगाया कि प्रदेशभर में रोजाना ऐसी अनगिनत घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने मांग की कि पीड़ित बिटिया के परिवार को आर्थिक मदद दी जाए, उसका मुफ्त इलाज हो और उसे सभी सरकारी योजनाओं का लाभ मिले। साथ ही, अपराधियों पर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर उन्हें फांसी की सजा सुनाई जाए। इस घटना ने प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर चिंता जताई है।
