हरियाणा में शीतलहर और घने कोहरे का कहर, सरकार ने जारी की एडवाइजरी, बरतें ये सावधानियां
हरियाणा में इन दिनों शीतलहर का प्रकोप जारी है, जिसके चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। घने कोहरे के कारण दृश्यता भी काफी कम हो गई है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। इसी स्थिति को देखते हुए हरियाणा सरकार ने आमजन और पशुओं को सर्दी से बचाने के लिए एक विस्तृत एडवाइजरी जारी की है।
एडवाइजरी में नागरिकों को विशेष रूप से सावधानी बरतने की अपील की गई है। इसमें कहा गया है कि वाहन चलाते समय गति धीमी रखें और फॉग लाइट का उपयोग करें। शीतलहर से बचाव के लिए शरीर को गर्म रखने के उपाय बताए गए हैं, जैसे सिर पर टोपी या मफलर पहनना, हाथों और पैरों की उंगलियों को पर्याप्त रूप से ढकना। साथ ही, पौष्टिक और स्वास्थ्यवर्धक भोजन लेने की सलाह दी गई है जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाए।
पशुओं के लिए भी विशेष निर्देश दिए गए हैं। किसानों और पशुपालकों से कहा गया है कि वे अपने पशुओं को ठंडी हवा से बचाने के लिए उचित आश्रय प्रदान करें। पशुओं के आहार में भी बदलाव करने की सलाह दी गई है ताकि उन्हें पर्याप्त ऊर्जा मिल सके। सरकार ने यह भी अपील की है कि नागरिक इस एडवाइजरी का पालन करें ताकि सर्दी के मौसम में होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सके।
