CM Yogi Adityanath: UP में अब सब चंगा, दंगे-कर्फ्यू खत्म हुए, अर्थव्यवस्था का आधार बना राज्य
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरिद्वार में आयोजित संत सम्मेलन में राज्य की कानून-व्यवस्था और विकास पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यूपी अब दंगों और कर्फ्यू से मुक्त हो चुका है। योगी ने दावा किया कि ‘न कर्फ्यू, ना दंगा, UP में अब सब चंगा’ की स्थिति है। उन्होंने कहा कि एक समय बीमारू राज्य रहा उत्तर प्रदेश अब देश की अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार बन गया है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब अराजकता, गुंडागर्दी और दंगे फसाद खत्म हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य ने प्रगति के नए रास्ते पर कदम रखा है। इसका श्रेय राज्य सरकार द्वारा कानून-व्यवस्था में किए गए सुधारों को जाता है। उन्होंने कहा कि हमने विरासत का सम्मान किया है और उसकी रक्षा की है, जिसके परिणामस्वरूप राज्य विकास के पथ पर अग्रसर है।
सीएम योगी ने कहा कि बद्रीनाथ धाम और केदारनाथ धाम केवल आस्था के केंद्र नहीं हैं, बल्कि ये राष्ट्र चेतना के भी केंद्र बिंदु हैं। राष्ट्र को यहीं से शक्ति मिलती है। उन्होंने कहा कि भारत केवल जमीन का एक टुकड़ा नहीं है, बल्कि यह ऋषि परंपरा की शाश्वत चेतना का केंद्र है। संस्कृति केवल आस्था नहीं, बल्कि एक पूरा जीवन दर्शन है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो राष्ट्र अपनी सभ्यता और संस्कृति की उपेक्षा करता है, वह न तो वर्तमान को सुरक्षित रख पाता है और न ही भविष्य को संजो पाता है। उन्होंने कहा कि वैदिक भारत एक आत्मनिर्भर सभ्यता का प्रतीक था। आक्रांताओं के आने से पहले भारत एक पूर्ण विकसित सभ्यता और संस्कृति थी। यह राष्ट्र हमारे ऋषियों की तपस्या, किसानों के श्रम और कारीगरों की सृजनशीलता से खड़ा हुआ था।
इस कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद थे। सीएम धामी ने कहा कि यहां मौजूद सभी संत, आध्यात्मिक नेता और भक्त सनातन चेतना के जीवंत प्रतीक हैं और राष्ट्र और संस्कृति में अमूल्य योगदान दे रहे हैं।
