मुख्यमंत्री ग्राम जोड़ो योजना: अब गांवों तक पहुंचेगी रोडवेज बस, सर्वे शुरू
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सड़क परिवहन निगम के अधिकारी व कर्मचारी सर्वे के कार्य में जुट गए हैं। मुख्यमंत्री ग्राम जोड़ो योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों से कनेक्टविटी जोड़ने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शनिवार को रोडवेज के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सोरों ब्लॉक से लेकर आधा दर्जन से अधिक गांवों का सर्वे किया है। अब ग्रामीण क्षेत्र में गांव के लोगों को टुकड़ों में यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। उन्हें यात्रा में सहूलियत मिलेगी। मुख्यमंत्री ग्राम जोड़ो योजना गांवों को बसों से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित, सस्ती और समयबद्ध परिवहन की सुविधा मिल सके।
यदि ग्रामीण क्षेत्र में यातायात के बेहतर साधन होंगे तो लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बाजारों तक पहुंचने में आसानी होगी। साथ ही डग्गामार वाहनों पर निर्भरता कम हो जाएगी। रोडवेज के अधिकारियों ने शनिवार को सोरों ब्लॉक पर सर्वे किया। इसके बाद गांव लहरा, गंगागढ़, प्रहलादपुर में भी टीम ने पहुंचकर सर्वे किया। ग्रामीणों को बताया कि मुख्यमंत्री ग्राम जोड़ो योजना के तहत सर्वे किया जा रहा है। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों से बसें चलाने की तैयारी की जा रही है। उन्हें बताया जा रहा है कि यातायात की बेहतर कनेक्टिविटी के लिए दूरदराज के गांवों को जिला मुख्यालयों और कस्बों से जोड़ा जा रहा है। ताकि ग्रामीणों को सरकार की परिवहन सेवा का लाभ मिल सके। यदि ग्रामीण क्षेत्र से यातायात व्यवस्था कनेक्ट होगी तो गांव के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। उन्हें जोखिम में जान डालकर डग्गेमार वाहनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ग्राम जोड़ो योजना के तहत ब्लॉक से लेकर गांवों तक सर्वे किया जा रहा है। रूट भी देखे जा रहे हैं। फिलहाल इस्माइलपुर गांव से मुख्यालय के लिए बस सेवा शुरू कर दी है। अन्य ग्रामीण क्षेत्रों से भी शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
