प्रतिबंधित गेमिंग ऐप क्लोन से 100 करोड़ की ठगी: 8 गिरफ्तार, Dubai से चल रहा था रैकेट
कानपुर पुलिस ने एक बड़े ऑनलाइन धोखाधड़ी रैकेट का पर्दाफाश किया है। प्रतिबंधित गेमिंग ऐप जैसे लोटस 365, रेड्डी बुक और कार्तिकेय के क्लोन बनाकर लोगों से करीब 100 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरोह दुबई से संचालित हो रहा था और टेलीग्राम व रील्स जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर लोगों को क्लोन वेबसाइट के लिंक भेजता था।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि ‘ब्रांच 24’ नाम की कंपनी दुबई से संचालित हो रही थी, जो बैंक की तरह काम करती थी। लोगों को गेम खेलने के लिए आईडी दी जाती थी और वे कंपनी के खाते में पैसे जमा करते थे। इस गिरोह ने मात्र तीन महीनों में 100 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी को अंजाम दिया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 26 मोबाइल, एक लैपटॉप, 54 एटीएम कार्ड, 26 पासबुक, एक चेकबुक और 30 सिम कार्ड बरामद हुए हैं। आरोपियों के मोबाइल ऐप पर करीब 50 लाख रुपये फ्रीज कराए जा रहे हैं, जबकि उनके खातों में डेढ़ करोड़ से अधिक की राशि होने का अनुमान है। लखनऊ का मोहित, जो एजेंटों का मुखिया बताया जा रहा है, वह फरार होने में सफल रहा। इस तरह की ऑनलाइन धोखाधड़ी आम जनता के लिए एक बड़ा खतरा है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
