चलती बाइक के स्पीड मीटर में घुसा सांप, मोबाइल शोरूम संचालक बाल-बाल बचा
बागपत के हाईवे पर उस समय लोगों के बीच अफरातफरी मच गई, जब एक चलती हुई बाइक के स्पीड मीटर के अंदर एक सांप घुस गया। बाइक चला रहे मोबाइल शोरूम के संचालक रवि वर्धन ढाका ने बिना किसी घबराहट के अपनी बाइक रोकी और उतर गए। कुछ देर इंतज़ार करने के बाद सांप खुद ही बाइक से निकल कर हाईवे के दूसरी ओर चला गया। इस पूरी घटना को वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जिसका वीडियो अब इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है।
मामला बागपत के राष्ट्र वंदना चौक के पास मोबाइल शोरूम चलाने वाले रवि वर्धन ढाका का है। सूत्रों के अनुसार, बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे शोरूम बंद करके वह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। हाईवे पर कुछ दूर चलने के बाद उन्होंने देखा कि उनकी बाइक के स्पीड मीटर वाले हिस्से में एक लंबा सांप घुस गया है। हालांकि, वह कुछ पल के लिए घबराए, लेकिन तुरंत उन्होंने अपनी बाइक को नियंत्रित किया और सुरक्षित उतार लिया। इसके बाद सांप धीरे-धीरे हैंडल की ओर से होते हुए बाइक से नीचे उतरा और हाईवे पार कर चला गया।
रवि वर्धन ढाका ने बताया कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि सांप उनकी बाइक पर चढ़ा कैसे। उनकी बाइक दिन भर हाईवे के किनारे खड़ी रहती है और रात को घर पर। वह सांप के डसने से बाल-बाल बचे। यह घटना एक सप्ताह पहले हुई एक ऐसी ही घटना की याद दिलाती है, जब रंछाड़ गांव के एक युवा किसान को दोघट के पास चलती बाइक पर सांप ने डस लिया था। उस किसान को सरकारी अस्पताल में एंटी स्नेक वेनम के आठ इंजेक्शन लगाने के बाद मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, जहां इलाज के बाद उनकी जान बच सकी थी।
वन क्षेत्राधिकारी श्रवण कुमार के अनुसार, बाइक पर दिखाई दिया सांप ‘रेट स्नेक’ (चूहा सांप) प्रजाति का था, जो सामान्यतः ज्यादा जहरीला नहीं होता है और इस क्षेत्र में अक्सर पाया जाता है। उन्होंने सलाह दी कि यदि कोई दो पहिया वाहन कहीं बाहर अधिक समय तक खड़ा रहता है, तो उसे चलाने से पहले अच्छी तरह देख लेना चाहिए ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।
