0

सघन जांच के बीच चेन स्नैचिंग: मुजफ्फरपुर पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

By Dec 16, 2025

मुजफ्फरपुर में संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों और बाइकर्स बदमाशों की गिरफ्तारी को लेकर सोमवार को शहर से लेकर हाइवे तक सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसका नेतृत्व सिटी एसपी कोटा किरण कुमार कर रहे थे। विभिन्न थानाध्यक्षों और पुलिस पदाधिकारियों ने शहर के इंट्री प्वाइंट कच्ची-पक्की, रामदयालु, मिठनपुरा, अहियापुर, जीरोमाइल, गोबरसही समेत अन्य जगहों पर नाकेबंदी कर रखी थी।

इस सघन जांच अभियान के बीच दोपहर में मिठनपुरा में गुरुद्वारा के समीप बाइकर्स बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली। घटना को अंजाम देकर बदमाश तेज रफ्तार से भाग निकले। शोरगुल पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर मिठनपुरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास में लगे सीसी कैमरे को खंगाला गया, जिसमें बदमाशों की तस्वीर कैद मिलने की बात सामने आई है।

आश्चर्य की बात यह है कि घटना रोकने के बजाय मिठनपुरा थानाध्यक्ष चेन छिनतई की घटना को छिपाने में लगे रहे। पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि छिनतई की कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। जबकि सिटी एसपी ने घटना की पुष्टि की है। पिछले दिनों मिठनपुरा के चकबासू मुहल्ले में भी बाइकर्स बदमाशों ने स्कूल में तैनात महिला परिचारी के गले से सोने की चेन छीन ली थी। मामला दर्ज करने के बाद भी अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

हाल के दिनों में शहर के नगर, सदर, काजीमोहम्मदपुर समेत अन्य थाना क्षेत्रों में चेन छिनतई व लूट की करीब एक दर्जन से अधिक आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है। अधिकतर घटनाओं में सीसी कैमरे के वीडियो फुटेज में बदमाशों की तस्वीर कैद है, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज करने के आगे कोई कार्रवाई नहीं की है। सीसी फुटेज में तस्वीर आने के बाद भी बदमाशों की गिरफ्तारी नहीं हो पा रही है, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

About

Journalist covering latest updates.

अगली खबरें

कर्ज का बोझ और मौत का फंदा: मुजफ्फरपुर में कई परिवारों की जिंदगी खत्म, पुलिस-प्रशासन बेखबर

मुजफ्फरपुर जिले में कर्ज और लोन के बोझ तले दबकर कई परिवारों की जिंदगियां खत्म हो चुकी हैं। अत्यधिक कर्ज के कारण लोगों को आत्महत्या जैसे कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ रहा है। अधिकतर...
By Dec 16, 2025

साझा करें