चाट गली में नाली पर बनी दुकानों पर चलेगा बुलडोजर, छावनी परिषद की बड़ी कार्रवाई
सदर की चाट गली में अतिक्रमण का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। शुरुआत में नाली के ऊपर बनी तीन दुकानों को हटाने के लिए छावनी परिषद ने सख्त रुख अपनाया है। परिषद ने दुकानदारों को गुरुवार तक का समय दिया था कि वे स्वयं नाली से अतिक्रमण हटा लें और संबंधित कागजात प्रस्तुत करें। लेकिन निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया है।
सूत्रों के अनुसार, छावनी परिषद अब कभी भी इन अवैध दुकानों पर कार्रवाई कर सकता है और इन्हें ध्वस्त कर सकता है। मंगलवार को भी परिषद की टीम ने चाट गली में अभियान चलाकर अवैध काउंटरों को हटवाया था और नालियों के ऊपर बने स्लैब को तोड़ा था। जांच में पाया गया कि गली की शुरुआत की ये तीन दुकानें काफी आगे बढ़ी हुई थीं और नाली को पाटकर उन पर निर्माण किया गया था।
व्यापारियों ने गुरुवार को छावनी परिषद पहुंचकर कुछ कागजात दिखाए, लेकिन वे संतोषजनक नहीं पाए गए। इसके साथ ही, अतिक्रमण को यथावत रखने के लिए दुकानदारों ने विभिन्न नेताओं से भी संपर्क साधा और छावनी परिषद के अधिकारियों पर दबाव बनाने की कोशिश की। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या जनप्रतिनिधियों की सिफारिशें छावनी परिषद की कार्रवाई को रोक पाती हैं या बुलडोजर चलता है।
इस बीच, चाट गली के कुछ पुराने दुकानदार, जो लगभग 20 वर्षों से काउंटर लगाकर अपना परिवार पाल रहे थे, उनके काउंटर भी हटा दिए गए हैं। वे छावनी परिषद से जल्द ही उनके काउंटर लगवाने की मांग कर रहे हैं। वहीं, यह भी आरोप है कि चाट गली में छावनी परिषद की अनुमति के बिना अवैध रूप से दुकानों की खरीद-फरोख्त भी हो रही है, जिस पर परिषद की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
