उत्तराखंड में ईदगाह की 8 एकड़ जमीन पर चला बुलडोजर, 300 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात; जानें पूरा मामला
उत्तराखंड के रुद्रपुर जिले की खेड़ा बस्ती में प्रशासन ने रविवार को भारी लाव लस्कर के साथ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। यह कार्रवाई धार्मिक स्थल को आवंटित भूखंड के अतिरिक्त सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
रविवार तड़के एडीएम पंकज उपाध्याय, एडीएम कौस्तुभ मिश्रा, एसपी क्राइम निहारिका तोमर, एसपी उत्तम सिंह सहित 300 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मी खेड़ा स्थित ईदगाह पहुंचे। टीम ने यहां पर अवैध कब्जे को हटाया। जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम ने मुस्लिम संगठन द्वारा कब्जाई गई 8 एकड़ सरकारी भूमि पर अपना कब्जा लिया और चार दिवारी कर अपना बोर्ड लगा दिया।
रुद्रपुर के खेड़ा क्षेत्र में अवैध रूप से कब्जा की हुई सरकारी जमीन को खाली कराने के लिए पूर्व में नोटिस जारी किया गया था। मदरसा सोसाइटी के नाम आवंटित 2.53 एकड़ भूमि के अतिरिक्त लगभग 8 एकड़ सरकारी भूमि/नजूल भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किया गया था।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि अतिरिक्त भूमि को कब्जा मुक्त करने के लिए हाई कोर्ट का भी आदेश है। आवंटित भूमि की नाप करते हुए अतिरिक्त भूमि को कब्जा मुक्त करने के लिए 14 नवंबर 2025 को राजस्व, नगर निगम, डीडीए और पुलिस विभाग द्वारा सर्वेक्षण प्रारंभ किया गया था। सर्वेक्षण के बाद सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त करा लिया गया है।
